Carelessness: हे भगवान ! सप्लाई के लिए रखे थे सिलेंडर और लग गई आग

Khelo Haryana
कई बार हमारी लापरवाही हमारे पर किस तरह से भारी पड़ जाती है, इसका ताजा उदाहरण हरियाणा में नारनौल में देखने को मिला। नारनौल शहर के दया नगर एरिया में एक घर में रखे सिलेंडरों में से एक सिलेंडर में आग लग गई। बताया जा रहा है कि सप्लाई के लिए घर में सिलेंडर रखे हुए थे। इस लापरवाही के कारण सप्लाई करने वाले की ही जान पर बन आई है। हादसे में सिलेंडर सप्लाई करने वाला व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया। वहीं आग से घर में खड़ी स्कूटी और अन्य सामान भी जल गया। बाद में मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।
नारनौल शहर के मोहल्ला दया नगर निवासी जगदीश कुमार भारत गैस एजेंसी के सिलेंडर सप्लाई का कार्य करता है। सुबह करीब 8 बजे घर में अपने गैस चूल्हे पर खाना बना रहा था। इस दौरान सिलेंडर सप्लाई के लिए रखे अन्य सिलेंडर में से एक सिलेंडर लीक था। जिससे उस सिलेंडर से घर में आग लग गई। सप्लाई करने वाले व्यक्ति जगदीश ने जब सिलेंडर में लगी आग बुझाने की कोशिश की तो वह भी उसकी चपेट में आ गया।
आग बढ़ गई और घर में खड़ी स्कूटी व अन्य सामान भी जल गया। जिसके बाद आस-पड़ोस के लोगों ने आकर आग बुझाना शुरू किया। वहीं इसकी सूचना दमकल को दी। मौके पर पहुंची दमकल ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तथा अन्य सिलेंडरों को भी बाहर निकाला।
आग लगने से जगदीश बुरी तरह झुलस गया। जिसको बाद में एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आग के कारण उसका मुंह, गर्दन, हाथ और पैर आदि बुरी तरह से झुलस गए हैं। चिकित्सकों ने उसको उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कर लिया।