Crime : मर्डर करके आत्महत्या दिखाने के लिए रेलवे ट्रैक पर फैंक दिये शव

Khelo Haryana
हरियाणा के रोहतक के सिंघपुरा क्षेत्र में रेलवे फ्लाईओवर के नीचे पटरियों पर दो युवकों के शव मिले हैं। जांच के दौरान सामने आया है कि दोनों की हत्या करके यहां पर फेंका गया है। जिसके साक्ष्य वहां आसपास भी साफ दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल के आसपास घसीटने के निशान हैं। वहीं मृतकों के शरीर पर भी घसीटने के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।
दो शव एक साथ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मामले का पता लगने के बाद यहां पर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। वहीं लोगों ने पता लगने के बाद इस मामले की सूचना रेलवे पुलिस को दी। मृतकों की शिनाख्त के लिए प्रयास जारी हैं।
सिर के ऊपर से गुजरी ट्रेन
जहां रेलवे ट्रैक पर दोनों युवकों के शव मिले हैं। वहां आसपास घसीटने के निशान पड़े हुए हैं। जिससे साफ है कि हत्या के बाद इन दोनों के शवों को रेलवे लाइन पर डाला गया है। शवों को भी इस तरह पटरी पर डाला गया है कि रेल केवल उनके सिर के ऊपर से गुजरे। रेल से उनके सिर ही क्षत-विक्षत हुए हैं।
दूर तक फैला खून
घटनास्थल के आसपास दूर तक खून फैला हुआ है। जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि यहां क्या हुआ होगा। हालांकि दोनों युवकों के शव वहां पास में ही दो अलग-अलग ट्रैक पर डाले गए थे। ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके।
हत्या के बाद फेंके शव
प्राथमिक दृष्टि से लग रहा है कि दोनों की हत्या करके यहां पर फेंका गया है। पहले उनकी हत्या की गई है। बाद में आत्महत्या दिखाने के लिए उनके शवों को रेलवे लाइन पर डाला गया है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस टीम पहुंची और जांच में जुट गई। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। वहीं मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।